दिल्ली में BRICS का सुरक्षा हाई अलर्ट! विदेशी मेहमानों के रूट पर 500 CCTV का पहरा, आसमान से जमीन तक निगरानी

Reena Sharma
3 Min Read

तुगलक रोड से मान सिंह रोड तक हाई डेफिनेशन कैमरों की निगरानी

BRICS समिट के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर पैनी है। विदेशी मेहमान जिस रूट से नई दिल्ली के होटल्स में जाएंगे, उसमें तुगलक रोड, अशोक रोड, अकबर रोड और मान सिंह रोड शामिल हैं। इन सभी महत्वपूर्ण रोड्स को हाई डेफिनेशन कैमरों से कैप्चर किया गया है। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों से इन रूट्स पर निगरानी की जा रही है। तुगलक रोड थाने के अंदर सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।

12 सितंबर से शुरू होगा ब्रिक्स सम्मेलन

ब्रिक्स सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 सितंबर को शुरू होगा। पहले दिन औपचारिक स्वागत के साथ क्लोज डोर मीटिंग होगी। उसी रात सभी मेहमानों के लिए गाला डिनर रखा गया है। दूसरे दिन यानी 13 सितंबर को सुबह समिट की औपचारिक बैठक होगी। इस बार की थीम है लचीलापन, स्टार्टअप, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के भी समिट में शामिल होने की उम्मीद है।

पुतिन-मोदी की मुलाकात पर टिकी नजरें, बड़े समझौतों की उम्मीद

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत पहुंचेंगे। पुतिन की प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत होगी। माना जा रहा है कि भारत-रूस के बीच कई बड़ी डील फाइनल हो सकती हैं। भारत-रूस के बीच SU-57 फाइटर जेट खरीदने पर समझौता हो सकता है। ज्वाइंट डिफेंस प्रोडक्शन पर बड़ा ऐलान होने की उम्मीद है। साथ ही, क्रूड ऑयल की खरीद पर भी दोनों के बीच बातचीत होना तय है।

Advertisement

दिल्ली पुलिस की माइक्रो मॉनिटरिंग, चप्पे-चप्पे पर पहरा

गौरतलब है कि दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं। 12 और 13 सितंबर को पूरी दुनिया की नजरें नई दिल्ली पर होंगी। ऐसे में दिल्ली पुलिस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती क्योंकि दुनिया भर के ताकतवर नेता दिल्ली में होंगे। ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर दिल्ली पुलिस ने जबरदस्त बंदोबस्त किए हैं। हर इलाके की माइक्रो मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस ने दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया है।

3 हजार CCTV, 30 कंट्रोल रूम और 30 हजार जवान तैनात

भारत मंडपम के आसपास 3 हजार एडवांस वीडियो एनालिटिक्स सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। 30 से अधिक स्पेशल कंट्रोल रूम से राउंड द क्लॉक निगरानी की जा रही है। दिल्ली पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्सेज के 25 से 30 हजार जवान तैनात किए गए हैं। नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली की हजारों इमारतों पर स्नाइपर्स की तैनाती भी की गई है। एंटी ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं और हवाई एक्टिविटीज पर भी नजर रखी जा रही है।

Share This Article