मिरर मीडिया : मौसम विभाग ने फिर से आने वाले एक सप्ताह के दरमियान मौसम के बदलाव होने के संकेत दिये हैं। सूत्रों कि माने तो मौसम विभाग के अनुसार 17 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो रहा है जिसको लेकर 20 से 22 फरवरी के दौरान धनबाद समेत राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से धनबाद में भी बादल आएंगे। 19 फरवरी से इसका ज्यादा प्रभाव धनबाद समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में दिखने लगेगा। 20 फरवरी को बारिश भी हो सकती है। 21 और 22 फरवरी को भी झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।
आपको बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में बढ़ोतरी होने से अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की भी संभावना है। इस बाबत 17 फरवरी को आंशिक बादल छा सकते हैं। 18 फरवरी को सुबह में देर तक कोहरा छाए रहने और दिन चढ़ने के बाद आसमान साफ होने का अनुमान है। 19 फरवरी को भी सुबह देर तक कोहरा छाया रहेगा। उसके बाद दिन में बादल भी छा सकते हैं। लिहाज़ा बारिश थमने और मौसम साफ होने के बाद तापमान में गिरावट की संभावना है।