जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 13 मोबाइल, 13 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। एसपी शंभू कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में कार्रवाई की जानकारी दी।
गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम
साइबर ठगी की सूचना पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने करमाटांड़ के दुधानी और जामताड़ा के सोनाबाद में छापेमारी की।
चार साइबर अपराधी गिरफ्तार
पुलिस ने विकास मंडल, देव दत्त, जयदेव साहनी और सिद्धार्थ दत्त को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ में ठगी के तरीके का खुलासा हुआ।
फर्जी APK भेजकर करते थे ठगी
आरोपी खुद को हरियाणा सिटी और अडानी गैस का कर्मचारी बताकर उपभोक्ताओं को फोन करते थे। बिल अपडेट के नाम पर फर्जी APK भेजकर मोबाइल का कंट्रोल हासिल कर लेते थे।
बैंक ग्राहकों को भी बनाते थे निशाना
आरोपी यूको बैंक समेत अन्य बैंकों के ग्राहकों को फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर गोपनीय जानकारी हासिल करते और खातों से रकम उड़ा लेते थे। पुलिस के अनुसार नेटवर्क कई राज्यों तक फैला है।
साइबर थाना में केस दर्ज
मामले में साइबर थाना जामताड़ा में कांड संख्या 59/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर BNS, IT Act और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

