दामोदा उत्खनन परियोजना पहुंचे BCCL CMD
दुगदा। बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल एक दिवसीय दौरे पर एरिया वन के दामोदा कोलियरी के नॉर्थ दामोदा उत्खनन परियोजना पहुंचे। दामोदा उत्खनन परियोजना में बीसीसीएल एरिया वन के मुख्य महाप्रबंधक के के सिंह ने सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल को बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान सीएमडी अग्रवाल ने दामोदा उत्खनन परियोजना के विस्तारीकरण, सुरक्षा के साथ कोयला उत्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
40 दिनों में रोज 25 रैक कोयला डिस्पैच का लक्ष्य
सीएमडी अग्रवाल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि देश के थर्मल पावर प्लांट को कोयले की आवश्यकता बढ़ गई है। देश को 265 मेगावॉट कोयले की जरूरत है। आने वाले 40 दिनों में प्रतिदिन बीसीसीएल को 25 रैक कोयला उत्पादन कर पावर प्लांटों को डिस्पैच करना है। कोयले की गुणवत्ता का भी ख्याल रखना है।
सभी इकाइयों में संसाधनों का अध्ययन
सीएमडी ने कहा कि इसी को लेकर बीसीसीएल की सभी इकाइयों में भ्रमण कर अधिकारियों से सामूहिक रूप से जिम्मेदारी तय कर गुणवत्ता पूर्ण कोयला उत्पादन और डिस्पैच के लक्ष्य को पूरा करने में होने वाले संसाधनों का अध्ययन किया जा रहा है।
दो अतिरिक्त शॉवेल मशीन बढ़ाने और ट्रांसपोर्टिंग पर जोर
दामोदा उत्खनन परियोजना में दो अतिरिक्त शॉवेल मशीन बढ़ाने के साथ 15 लाख क्यूबिक ओबी हटाने के कार्य का कुछ हिस्सा आउटसोर्सिंग कंपनी को दिए जाने के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की गई। साथ ही कोयले की ट्रांसपोर्टिंग को बढ़ाने का निर्देश दिया गया। इस दौरान जीएम आर के सिंह, एजीएम टी एस चौहान, एरिया मैनेजर मनोज कुमार, परियोजना पदाधिकारी विजय कुमार सिंह समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

