पांकी विधानसभा के विधायक की शिकायत पर पकड़ा गया 64 टन कोयला लदा हाईवा

Reena Sharma
2 Min Read

पलामू। पांकी विधानसभा के विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने पलामू एसपी से हाईवा की ओवरलोडिंग की शिकायत की। इसके बाद पांकी थाना प्रभारी की उपस्थिति में बालूमाथ से पांकी की ओर आ रहे ओवरलोड हाईवा को पकड़ा गया। हाईवा का लोडिंग वेट कराया गया और उसे थाना में लगवाया गया। हाईवा में 64 टन कोयला लदा था, जबकि इसकी क्षमता 20 से 25 टन होनी चाहिए थी।

रोजाना गुजरते हैं सैकड़ों ओवरलोड हाईवा

विधायक के अनुसार, करीब 100 से 150 ओवरलोड हाईवा रोज पांकी से गुजरते हैं। बालूमाथ से पांकी होते हुए हरिहरगंज में ओवरलोड कोयले की डंपिंग की जाती है। हाईवा से कोयले की लोडिंग और अनलोडिंग का क्षेत्र करीब 8 किलोमीटर के अंदर ही है। लगातार भारी वाहनों के परिचालन से पांकी-बालूमाथ सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। पिछले दिनों विधायक ने निजी खर्च से सड़क के गड्ढे भरवाए थे। कारीमाटी के पास सड़क की स्थिति को देखते हुए विधायक ने जेसीबी भेजकर गड्ढे भरवाने का काम शुरू कराया है।

ओवरलोडिंग से सड़क खराब, विधायक ने जताई नाराजगी

बालूमाथ से पांकी होते हुए ओवरलोड कोयला हरिहरगंज में डंपिंग किया जाता है। विधायक ने कहा कि पांकी विधानसभा की सड़कें हाईवा मालिकों की जागीर नहीं हैं। सड़क खराब होने का खामियाजा जनता और विधायक को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर ओवरलोड हाईवा नहीं चलने देंगे।

Advertisement

डीसी-डीएमओ को जानकारी, धरने की चेतावनी

पांकी विधायक ने पलामू डीसी से बात करने के बाद पांकी थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। डीएमओ और माइनिंग ऑफिसर को भी मामले की जानकारी दी गई है। विधायक ने चेतावनी दी कि इसके बावजूद ओवरलोड हाईवा चलते रहे तो कार्यकर्ताओं के साथ पांकी थाने के पास धरना देकर हाईवा पकड़े जाएंगे।

Share This Article