अधिवक्ता जावेद हत्याकांड की साजिश का दावा, भूली में कट्टा-कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

Reena Sharma
4 Min Read

सुनसान जगह पर छापेमारी, एक गिरफ्तार

धनबाद। भूली ओपी क्षेत्र में धनबाद पुलिस ने अपराध की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम करने का दावा किया है। शुक्रवार की देर रात सी-ब्लॉक छठ घाट के पास सुनसान स्थान पर छापेमारी कर पुलिस ने हथियार और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की तैयारी में था। प्रारंभिक पूछताछ में झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश रचे जाने की जानकारी सामने आयी है।

पुलिस को देखते ही भागे तीन युवक

डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस टीम ने सी-ब्लॉक छठ घाट के पास घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस को देखते ही बाइक सवार तीन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। भागने के दौरान एक युवक गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। हालांकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निचितपुर टाउनशिप, शिव मंदिर के पास, इस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र निवासी आसिफ आलम (23) के रूप में हुई है।

कमर में छिपा था देशी कट्टा, जेब से मिला कारतूस

पुलिस के अनुसार तलाशी लेने पर आसिफ की पैंट की कमर में बायीं ओर छिपाकर रखा एक देशी कट्टा बरामद हुआ। उसकी बायीं जेब से एक जिंदा कारतूस भी मिला। कारतूस के पेंदे पर 8 एमएम केएफ अंकित था। पुलिस के मुताबिक आरोपी हथियार और कारतूस से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के पास से हल्के ऑरेंज रंग का मोटो एज 50 मोबाइल फोन भी जब्त किया है। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर झरिया निवासी अधिवक्ता जावेद की हत्या की साजिश रचे जाने की जानकारी दी है।

Advertisement

फरार आरोपियों की तलाश, पहले से दर्ज हैं मामले

पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं के सामने आने की उम्मीद है। इस संबंध में भूली ओपी में कांड संख्या 164/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आसिफ आलम का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बैंकमोड़ थाना में वर्ष 2023 में रंगदारी और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा चिरकुंडा थाना में वर्ष 2021 में मारपीट, चोरी और अन्य धाराओं में भी मामला दर्ज है। कार्रवाई में भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर, पुअनि सोहन कुमार साहु, सअनि हरिप्रकाश मिश्रा, आरक्षी संटू मांझी और हवलदार ललित उरांव शामिल थे।

Share This Article