होटल व्यवसायी मर्डर मिस्ट्री: लोकेशन लीक करने वाले ट्रैफिक सार्जेंट और ट्विंकल दास गिरफ्तार, अब तक 10 आरोपी सलाखों के पीछे

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: निखार सबलोक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को लगातार अहम सफलताएं मिल रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किए गए ट्रैफिक सार्जेंट अयान गुप्ता और ट्विंकल दास उर्फ मिनी दास को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

लोकेशन ट्रेसिंग और कॉल डिटेल्स से मिले बड़े सुराग
पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपियों में शामिल अशोक सिंह उर्फ राघव और निखार सबलोक के बीच लगातार बातचीत होती थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मोबाइल की तकनीकी जांच और डेटा रिकवरी से यह खंगाला जा रहा है कि अशोक सिंह और राघव किस समय और कितनी बार निखार के संपर्क में थे। पुलिस इस बात का भी बारीकी से अध्ययन कर रही है कि निखार की लाइव लोकेशन की जानकारी किस तरह से अपराधियों तक पहुंचाई जा रही थी।

पुलिसकर्मी राघव तक पहुंचाती थी लोकेशन, फिर बदमाशों तक पहुंचता था संदेश
जांच में यह बात सामने आई है कि निखार सबलोक की पल-पल की लोकेशन कोलकाता से ट्रेस कर पुलिसकर्मी राघव को दी जाती थी। इसके बाद राघव इस गोपनीय जानकारी को आगे बढ़ाकर सीधे अपराधियों तक पहुंचाता था, जिससे हत्या की साजिश को अंजाम दिया जा सके। इसी गंभीर संलिप्तता और साजिश में भूमिका पाए जाने के बाद ट्रैफिक सार्जेंट अयान गुप्ता और ट्विंकल दास को शिकंजे में लिया गया है।

Advertisement

क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि बीते 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-33 स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल में होटल व्यवसायी निखार सबलोक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही पुलिस लगातार दबिश बनाए हुए थी और एक-एक करके अपराधियों तक पहुंच रही है। पुलिस का दावा है कि मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस मर्डर मिस्ट्री से जुड़े अन्य चेहरों से भी जल्द पर्दा उठाया जाएगा।

Share This Article