जमशेदपुर में दर्दनाक हादसा: टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी ने 10वीं मंजिल से कूदकर दी जान, मुंबई से लौटने के बाद से थे तनाव में

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:टाटा स्टील मर्चेंट मिल के पूर्व चीफ (अधिकारी) 62 वर्षीय संदीप पाल की सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन (फेज-7) की 10वीं मंजिल से नीचे गिरकर हुई। इस घटना ने पूरे इलाके और औद्योगिक जगत को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

बेटी के भविष्य की चिंता बनी जानलेवा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और गहरे अवसाद से गुजर रहे थे। परिजनों ने बताया कि घटना से महज 15 दिन पहले ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में दाखिला दिलाकर जमशेदपुर लौटे थे। बताया जा रहा है कि मुंबई के माहौल और बेटी की सुरक्षा व भविष्य को लेकर वह अत्यधिक चिंतित रहने लगे थे, जिसके चलते वह लगातार तनाव में थे।

सुबह-सुबह हुआ खौफनाक वाकया
सोमवार की सुबह करीब 5 बजे संदीप पाल बिना किसी को कुछ बताए अपने फ्लैट से निकलकर इमारत की छत पर पहुंचे और नीचे छलांग लगा दी। इस भयानक हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

पुलिस खंगाल रही है हर एक पहलू
सूचना मिलते ही स्थानीय बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक तनाव और मानसिक अवसाद की बात सामने आ रही है, फिर भी हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजहों पर से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा।

औद्योगिक शहर में शोक की लहर
संदीप पाल के अचानक इस तरह चले जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, टाटा स्टील से जुड़े उनके पुराने साथियों, परिचितों और स्थानीय निवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर से मानसिक स्वास्थ्य और बढ़ते तनाव के प्रति समाज में जागरूकता की जरूरत को रेखांकित किया है।

Share This Article