डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यस्ततम इलाकों में शुमार आशियाना चौक पर सोमवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां से बदमाशों ने एक युवक को हथियार के बल पर जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अपहृत युवक की शिनाख्त कोलाबिरा थाना क्षेत्र के बालीगुमा निवासी अल्ताफ के रूप में हुई है। चश्मदीदों ने बताया कि रात के वक्त एक काले रंग की संदिग्ध कार में चार से पांच बदमाश सवार होकर आशियाना चौक पर पहुंचे। आरोप है कि इन हमलावरों ने पहले अल्ताफ को एक सफेद रंग की कार (नंबर: JH05CE-5447) से बलपूर्वक बाहर खींचा और फिर उसे अपनी गाड़ी में धकेल कर गम्हरिया की दिशा में तेजी से निकल भागे। घटना की सूचना मिलने पर युवक के परिजन, खासकर उसके मामा अफसर अली मौके पर पहुंचे। उन्होंने बदमाशों पर सरेआम हथियार के बल पर अपहरण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सनसनीखेज घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह है।
आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रूट का सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा। पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम की असली वजह साफ हो पाएगी।

