आज रांची में आजसू पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर झारखंड, विशेषकर गोमिया विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में आजसू के वरिष्ठ नेता लंबोदर महतो और विधायक योगेंद्र प्रसाद उर्फ तिवारी महतो समेत अन्य नेता शामिल थे।
खदानों में आग और गैस रिसाव का गंभीर संकट
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि गोमिया के कथारा और आसपास के क्षेत्रों में सीसीएल की खदानों व झरकों में आग लगी हुई है, जिससे करोड़ों रुपये मूल्य का कोयला और संपत्ति नष्ट होने की आशंका है। इसके अलावा गोमिया प्रखंड के पलानी गांव में पिछले 15 दिनों से मिथेन गैस रिसाव के कारण आग लगी हुई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि इस मामले में सीसीएल प्रबंधन, ओएनजीसी, जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
विश्वविद्यालयों में कथित धांधली और डिग्री घोटाला आजसू
नेताओं ने विनोद बिहारी महतो कोलांचल विश्वविद्यालय में आउटसोर्सिंग टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितता का भी मुद्दा उठाया और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं विधायक तिवारी महतो ने राज्यपाल का समय देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए राधा गोविंद विश्वविद्यालय में कथित डिग्री घोटाले का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएड सहित अन्य पाठ्यक्रमों की फर्जी डिग्रियां जारी की गई हैं और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए।
पुल हादसों की जांच और प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग
गोमिया के ढंडे क्षेत्र में पुल बह जाने की घटना की जांच, दोषी अधिकारियों और संवेदकों पर कार्रवाई तथा नए पुल निर्माण की मांग भी राज्यपाल के समक्ष रखी गई। इसके अलावा बोकारो नदी पर बने निम्नस्तरीय पुल की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से सभी मामलों में हस्तक्षेप करते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया।

