पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज के मेस में खाने का ‘खेल’, कांच-कीड़ा मिलने पर छात्रों का प्रदर्शन

Reena Sharma
2 Min Read

पलामू के नीलांबर-पीतांबरपुर (बासौरा) स्थित सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में मेस के भोजन और साफ-सफाई को लेकर गुरुवार देर शाम छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि खाने में लगातार कीड़े, कांच के टुकड़े, बाल और लोहे के तार मिल रहे हैं। इसे लेकर छात्रों ने मेस की व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

शिकायत पर कॉलेज पहुंची जांच टीम

छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पर सदर एसडीओ संजय पांडेय, सीओ जागो महतो, फूड इंस्पेक्टर और फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम कॉलेज पहुंची। टीम ने मेस और किचन का औचक निरीक्षण कर खाने के नमूने जब्त किए।

जांच में 10 से 12 बिंदुओं पर मिली कमी

निरीक्षण के दौरान किचन, बर्तन, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और सैनिटाइजेशन की जांच की गई। एसडीओ ने व्यवस्थाओं में करीब 10 से 12 गंभीर कमियां मिलने की बात कही और संबंधित पक्षों को कारण बताओ नोटिस देने का निर्देश दिया।

Advertisement

खाने के नमूने जांच के लिए भेजे

चावल, दाल और लाल मिर्च के नमूने सील कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

30 सितंबर तक सुधार की समय-सीमा

छात्रों ने मौजूदा मेस संचालक को हटाने की मांग की है। प्रशासन ने कमियां दूर करने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया है। तय अवधि में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article