जिला प्रशासन की दो टूक: SIR-2026 में फर्जी दस्तावेज या ई-रोल से छेड़छाड़ की तो वीएलई पर गिरेगी गाज

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आगामी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। समाहरणालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिले के सभी वीएलई की एक उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई गई। इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुनरीक्षण कार्य के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन और ऑनलाइन प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना था। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि SIR-2026 के तहत किसी भी भारतीय या विदेशी नागरिक के लिए फर्जी कागजात तैयार करने या अनधिकृत दस्तावेजीकरण में अगर किसी वीएलई की संलिप्तता पाई जाती है, तो उस पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ई-रोल में छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
प्रशासन ने साफ किया है कि मतदाता सूची या निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े किसी भी ऑनलाइन डेटा के साथ छेड़छाड़ या हेरफेर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी वीएलई को यह हिदायत दी गई है कि वे केवल निर्धारित नियमों और वैध दस्तावेजों के आधार पर ही अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

पुरानी गलतियों को सुधारने की चेतावनी
प्रशासन ने यह भी निर्देश जारी किया है कि अगर अतीत में किसी वीएलई द्वारा किसी विदेशी नागरिक से जुड़े कोई संदेहास्पद या फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए हैं, तो तुरंत संबंधित व्यक्ति से संपर्क साधा जाए। उन्हें स्पष्ट रूप से यह आगाह किया जाए कि वे ऐसे दस्तावेजों का उपयोग SIR-2026 प्रक्रिया में बिल्कुल न करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अंत में सभी वीएलई को निर्वाचन कार्य की उच्च संवेदनशीलता को समझते हुए पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ काम करने का कड़ा निर्देश दिया है।

Advertisement
Share This Article