टीएमएच में इलाज कराना होगा और भी आसान: कार्डियक वेटिंग हॉल से लेकर नई मशीनों तक, जानें क्या-क्या बदलेगा

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाज और मरीजों की सुविधाओं को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जाने की तैयारी है। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में टीएमएच प्रबंधन ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी सहूलियत मिलेगी।

मुख्य विशेषताएं और नई सुविधाएं
ई-रिक्शा (टोटो) सेवा: मरीजों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए पार्किंग क्षेत्र से सीधे अस्पताल परिसर तक ई-रिक्शा सेवा अगले तीन महीनों के भीतर शुरू कर दी जाएगी।

हृदय रोगियों के लिए विशेष प्रबंध: कार्डियक मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में एक अलग कार्डियक वेटिंग हॉल का निर्माण कराया जाएगा।

Advertisement

जांच प्रक्रिया में तेजी: मेडिकल टेस्ट में लगने वाले लंबे इंतजार को कम करने के लिए उच्च क्षमता (हाई-पावर) की नई मशीनें लगाई जा रही हैं।

बेहतर विजिटर पार्किंग: नए भवनों के निर्माण कार्य के पूरे होने के बाद अस्पताल मे विजिटर्स के लिए पार्किंग व्यवस्था को और ज्यादा व्यवस्थित किया जाएगा।

सुविधाओं का विस्तार: वेटिंग एरिया में खाने-पीने की वेंडिंग मशीनों की संख्या 6 से बढ़ाकर 15 की जाएगी, साथ ही एक नए कैफेटेरिया का निर्माण भी योजना में शामिल है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती: गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी समेत अन्य प्रमुख विभागों में सुपर-स्पेशलिस्ट और विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

डिजिटल सेवाओं का लाभ
बैठक के दौरान प्रबंधन ने टीएमएच के ‘साथी’ ऐप के बारे में भी जानकारी दी। इस मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से मरीज घर बैठे आसानी से डॉक्टर का अपॉइंटमेंट ले सकते हैं और अपनी मेडिकल जांच रिपोर्ट ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके अलावा, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी प्रणाली भी लागू की गई है।

चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया और उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ की अगुवाई में हुए इस संवाद सत्र में टीएमएच की महाप्रबंधक डॉ. विनीता सिंह और 14 वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने हिस्सा लिया, जिसमें मरीजों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और उन्नत बनाने का संकल्प लिया गया।

Share This Article