धनबाद। धनबाद थाना क्षेत्र के बिशुनपुर, रजवार बस्ती में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 13,000 रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त गृहस्वामिनी अपने परिवार के साथ बाहर गई हुई थीं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पारिवारिक यात्रा के दौरान हुई वारदात
रजवार बस्ती निवासी 50 वर्षीया सुनीता मधुकर (पति- मनोज मालाकार) ने बताया कि बीते 20 सितंबर को सुबह करीब 8 बजे वह अपनी बेटियों और बच्चों के साथ बनारस जाने के लिए घर से निकली थीं। उन्होंने पूरे घर में अच्छी तरह ताला लगाया था।
22 सितंबर की शाम करीब 8:00 बजे उनके पड़ोस में रहने वाले सिकंदर (पुत्र के मित्र) ने फोन पर सूचना दी कि उनके मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद महिला ने पड़ोस के ही एक अन्य युवक पीयूष कुमार से घर की स्थिति जांचने को कहा, जिसने अंदर का ताला टूटा होने और सामान बिखरे होने की पुष्टि की।
घर लौटने पर उड़ गए होश
सूचना मिलते ही पीड़िता अगले ही दिन अपने परिवार के साथ धनबाद पहुंचीं। घर का दरवाजा, अलमारी, बक्शा और ट्रंक का ताला टूटा पड़ा था। चोरों ने कमरे की चौखट तक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।
चोरी गए सामान की सूची
पीड़िता के अनुसार, अलमारी और ट्रंक में रखे नगद 13,000 रुपये के साथ-साथ भारी मात्रा में आभूषण गायब मिले:
सोने के जेवर: 2 टीका, 2 नथिया, 2 दुर्गा माँ का लॉकेट, 1 अंगूठी, 2 मंगलसूत्र, 1 जिउतिया, 1 सेट बाली, 1 सेट झुमका, 1 सेट कान का, 2 बेशर, 2 नथुनी, 2 चैन।
चाँदी के जेवर: 5 सेट पायल, 1 कमर छल्ला, 6 सिंदूर का किया, 8 सिक्के, चैन-लॉकेट और 1 कड़ा।
पुलिस से न्याय की गुहार
पीड़िता ने धनबाद थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर घटना की निष्पक्ष जांच, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

