​Mango Petrol Pump Fire: जमशेदपुर में तेल भराकर बढ़ा रहा था बाइक, अचानक लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:शहर के मानगो थाना अंतर्गत जवाहरनगर रोड नंबर-13 ए स्थित एक पेट्रोल पंप पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल डलवाने के बाद जैसे ही एक युवक ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल को आगे बढ़ाने के लिए सेल्फ-स्टार्ट किया, बैटरी के पास से उठी चिंगारी ने पलभर में भीषण आग का रूप ले लिया और बाइक धू-धूकर जलने लगी।

पंप परिसर में मची भगदड़
वाहन में अचानक आग भभक उठने से पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाने और वाहनों को हटाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, विकट स्थिति को भांपते हुए पंप स्टाफ और वहां मौजूद सतर्क लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाई। उन्होंने तुरंत अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर पानी और फोम का छिड़काव शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। सुरक्षा के लिहाज से आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी तुरंत दूर हटा दिया गया था।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और पूरी स्थिति का जायजा लिया। आग बुझने के बाद जली हुई मोटरसाइकिल को एक ऑटो की सहायता से वहां से हटाकर सुरक्षित जगह पहुंचाया गया। गनीमत यह रही कि इस डरावनी घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि आग किन कारणों से लगी। इसके साथ ही वाहन मालिक और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

Advertisement

Share This Article