डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : दीपावली और दुर्गापूजा के इस त्योहारी सीजन में अगर आप ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। रेलवे की तरफ से एक तरफ जहां अधोसंरचना विकास और ट्रैक आधुनिकीकरण के चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है, वहीं दूसरी तरफ यात्रियों की भारी भीड़ को संतुलित करने के लिए कई विशेष ट्रेनों के संचालन का भी ऐलान किया गया है।
चक्रधरपुर मंडल में मेगा ब्लॉक: कई प्रमुख ट्रेनें रद्द और डायवर्ट
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सीनी-राजखरसवां सेक्शन पर टीआरटी मशीन के जरिए ट्रैक नवीनीकरण और विकास कार्य किया जाएगा। इसके चलते 24 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मेगा ब्लॉक रहेगा।
रद्द रहने वाली मुख्य ट्रेनें: इस दौरान टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110), नांदेड़-संतरागाछी एक्सप्रेस (12767/12768) और संतरागाछी-पुणे हमसफर एक्सप्रेस (20822/20821) निर्धारित तिथियों पर पूरी तरह रद्द रहेंगी।
परिवर्तित मार्ग: योग नगरी ऋषिकेश-पुरी कलिंग उत्कल एक्सप्रेस (18478) ईब-झारसुगुड़ा रोड-संभलकर सिटी-कटक के रास्ते चलाई जाएगी। वहीं, आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288) कांद्रा-सीनी के रास्ते गंतव्य तक जाएगी और यह टाटानगर व गम्हरिया स्टेशन पर नहीं रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए हटिया से बेंगलुरु और मुंबई के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेगी। यात्रियों की लंबी वेटिंग लिस्ट और भीड़ को कम करने के उद्देश्य से रेलवे ने हटिया से विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है।
हटिया – एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल (08637/08638): यह ट्रेन 14 अक्टूबर से 11 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 9:00 बजे हटिया से रवाना होगी और अगले दिन रात 8:45 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में यह गाड़ी 16 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को बेंगलुरु से चलेगी।
हटिया – एलटीटी मुंबई स्पेशल (08609/08610): हटिया से मुंबई के लिए यह स्पेशल ट्रेन 12 से 26 अक्टूबर तक प्रत्येक सोमवार को शाम 4:20 बजे छूटेगी और अगले दिन रात 9:50 बजे मुंबई (एलटीटी) पहुंचेगी।
साहिबगंज में गंगा नदी के कटाव से वनांचल एक्सप्रेस के रूट में बदलाव
गंगा नदी के जलस्तर और कटाव का असर अब रेल यातायात पर भी दिखने लगा है। साहिबगंज जिले के महाराजपुर में झुंझरी पुल के पास गंगा नदी का पानी रेलवे ट्रैक के काफी नजदीक आ गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धनबाद और रांची की ओर जाने वाली वनांचल एक्सप्रेस के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। अब यह ट्रेन निर्धारित मार्ग के बजाय भागलपुर से बरहेट, मदारहिल, हंसडीहा, नोनीहाट, दुमका और शिकारीपाड़ा के रास्ते धनबाद पहुंचेगी।

