डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:झारखंड में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस के खौफ का कोई असर नहीं दिख रहा। राज्य के डीजीपी की हाई-लेवल समीक्षा बैठक के महज 9 घंटे के भीतर ही जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड बाराद्वारी फुलबस्ती इलाके में अपराधियों ने तांडव मचा दिया। घर के पास खड़े एक युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ 4 से 5 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मोबाइल पर बात कर रहे युवक पर स्कूटी सवार बदमाशों ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार ओल्ड बाराद्वारी निवासी मोहम्मद राजा उर्फ आबिद हुसैन देर रात अपने घर से महज 20 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे खड़े होकर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि राजा कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया।
दो गोलियां लगने से घायल, MGM अस्पताल में इलाज जारी
इस जानलेवा हमले में मोहम्मद राजा को दो गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर जुटे, तब तक दोनों हमलावर स्कूटी से फरार होने में कामयाब हो चुके थे। परिजनों ने आनन-फानन में घायल राजा को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
आपसी रंजिश और मारपीट का पुराना विवाद आया सामने
घायल राजा ने पुलिस को दिए अपने बयान में साकची निवासी ‘इस्माइल’ और काशीडीह निवासी ‘कुट्टू’ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजा के मुताबिक, कुछ दिनों पहले किसी बात को लेकर इन दोनों के साथ उसका विवाद और मारपीट हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, ताबड़तोड़ छापेमारी जारी
वारदात की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और घटनास्थल से कारतूस के खोखे व अन्य साक्ष्य जुटाए। डीजीपी की सख्ती के दावों के बीच शहर में इस तरह खुलेआम गोलीबारी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस घायल युवक के बयान और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

