धनबाद में त्योहारी सीजन के दौरान खुदरा पैसों की किल्लत दूर करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने विशेष शिविर लगाया। चैंबर भवन में करीब 175 व्यापारियों के बीच 2, 5, 10 और 20 रुपये के कुल 8 लाख रुपये के सिक्के वितरित किए गए।
त्योहारों में खुदरा की समस्या होगी दूर
शिविर का उद्देश्य बाजार में छुट्टे पैसों की कमी दूर करना और खरीद-बिक्री को सुचारु बनाए रखना है। इससे दुकानदारों और ग्राहकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
SBI ने सिक्कों की उपलब्धता का दिया भरोसा
SBI के एजीएम कमलेश मंडल ने कहा कि व्यापारियों को आगे भी सिक्के उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि खुदरा पैसों की कमी से कारोबार प्रभावित न हो।
व्यापारियों के हित में चैंबर की पहल
चैंबर अध्यक्ष प्रमोद गोयल ने कहा कि त्योहारों में खुदरा पैसों की कमी से छोटे-बड़े व्यापारियों का कारोबार प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके लिए बैंक और चैंबर लगातार प्रयास करेंगे।
साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी समय में राहत
चैंबर सचिव लोकेश अग्रवाल ने कहा कि त्योहारी सीजन व्यापार के लिए महत्वपूर्ण होता है और छुट्टे पैसों की कमी दुकानदारों व ग्राहकों, दोनों के लिए परेशानी बनती है। शिविर के सफल आयोजन पर उन्होंने सहयोगियों का आभार जताया।
बैंक और चैंबर के पदाधिकारी रहे मौजूद
शिविर में SBI के कैश ऑफिसर दिलीप कुमार, डिप्टी कैश ऑफिसर मंगल सिंह सोय तथा चैंबर के कोषाध्यक्ष संदीप मुखर्जी, सह सचिव सुशील सांवरिया, विकास पटवारी, अमित जैन, बंटी चक्रवर्ती, संजय सरावगी और रोहित लिखमानिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

