रांची जिले के सिल्ली प्रखंड के मारदू गांव में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना से शोक और आक्रोश है। 18 अक्टूबर को JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटनास्थल का किया निरीक्षण
देवेंद्र नाथ महतो ने जांच की प्रगति और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण साक्ष्य की अनदेखी नहीं होनी चाहिए और जांच वैज्ञानिक तरीके से की जानी चाहिए।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
महतो के अनुसार, घटनास्थल पर फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की गई तथा खोजी कुत्ते की मदद भी ली गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया। उन्होंने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया।
11वीं की छात्रा थी बच्ची
महतो ने बताया कि बच्ची की उम्र करीब 17 साल 9 महीने थी और वह कक्षा 11वीं में पढ़ती थी। घटना से परिवार और ग्रामीणों में गहरा दुख है। स्थानीय लोगों, खासकर महिलाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।
दोषियों को फांसी देने की मांग
देवेंद्र नाथ महतो ने घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए दोषियों के लिए फांसी की सजा की मांग की। उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों से भी जांच को लेकर बातचीत की और प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।

