आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में भोजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी चंदन सिंह को खुफिया सूचना के आधार पर कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है।
15 अक्टूबर की सुबह हुई थी हत्या
रामकुमार सिंह 15 अक्टूबर की सुबह अपने बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। घर के बाहर गैरेज का शटर बंद करते समय उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनका बेटा कार में मौजूद था और सुरक्षित बच गया।
14 कट्ठा जमीन विवाद की आशंका
परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि विवाद 14 कट्ठा जमीन को लेकर था। परिवार ने चंदन सिंह समेत कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया है। चंदन सिंह सिंगही का रहने वाला बताया गया है।
तत्कालीन थानेदार भी आरोपी
रामकुमार सिंह 2015 में कस्टम विभाग से रिटायर हुए थे। वे क्षत्रिय कल्याण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। मामले में मुफस्सिल थाना के तत्कालीन थानेदार राम कल्याण यादव को निलंबित किया गया था। उन पर भी हत्याकांड में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
कोलकाता से गिरफ्तारी, पुलिस की जांच जारी
भोजपुर पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार जुटी थी। खुफिया सूचना मिलने के बाद टीम ने कोलकाता पहुंचकर चंदन सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

