गया के बोधगया में शनिवार को बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड और बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के कर्टेन रेज़र समारोह का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और औद्योगिक विकास व रोजगार बढ़ाने की योजनाएं बताईं।
20 हजार मेगावाट बिजली का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में उद्योगों के लिए करीब 20 हजार मेगावाट बिजली क्षमता विकसित करने का लक्ष्य है। इसके लिए सौर, पवन और हाइड्रोजन जैसी हरित ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा।
उद्योगों के लिए 20 हजार एकड़ जमीन
सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे करीब 13 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया में है। बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 तक उद्योगों के लिए लगभग 20 हजार एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
गया-बोधगया में बनेंगी 12 टाउनशिप
सम्राट चौधरी ने गया और बोधगया के बीच ऐतिहासिक मगध के नाम पर 12 टाउनशिप विकसित करने की योजना बताई। साथ ही सोन नदी से क्षेत्र को जोड़ने के लिए कॉरिडोर बनाने और पानी की उपलब्धता बेहतर करने पर जोर दिया।
30 दिन में मंजूरी, निवेशकों से अपील
मुख्यमंत्री ने उद्योग लगाने की प्रक्रिया सरल करने और 30 दिनों में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर स्वतः मंजूरी की व्यवस्था लागू करने की योजना का उल्लेख किया। उन्होंने प्रवासी बिहारियों और उद्योगपतियों से बिहार में निवेश करने की अपील की। समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, उपमुख्यमंत्री और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

