पलामू में स्वास्थ्य सेवाओं पर डीसी सख्त, पोस्टमार्टम में देरी पर कार्रवाई की चेतावनी

Reena Sharma
2 Min Read

पलामू। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, समयबद्ध कार्य निष्पादन और आमजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पोस्टमार्टम में देरी पर जताई नाराजगी

उपायुक्त ने एमएमसीएच में हाल के दिनों में पोस्टमार्टम में हुई देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधीक्षक से देरी के कारणों, ड्यूटी रोस्टर के अनुपालन और संबंधित समय पर तैनात चिकित्सक की जानकारी ली। पोस्टमार्टम में बाधा न आए, इसके लिए चिकित्सकों की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि भविष्य में पोस्टमार्टम में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खराब अल्ट्रासाउंड मशीनें तत्काल होंगी दुरुस्त

एमएमसीएच में कई दिनों से खराब पड़ी अल्ट्रासाउंड मशीनों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल मरम्मत कराने और इसकी सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर

बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न मानकों और कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आमजनों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर उप विकास आयुक्त सादात अनवर, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, एमएमसीएच अधीक्षक, सिविल सर्जन डॉ. अनिल, विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article