डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के बिरसानगर थाना अंतर्गत प्रकाश नगर में पुलिस ने एक बड़े और हाई-प्रोफाइल जुआ अड्डे पर औचक छापेमारी कर सनसनी फैला दी है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 7.5 लाख रुपये नगद, ताश के पत्ते, रजिस्टर और जुए में इस्तेमाल होने वाले बोर्ड समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे 15 लोगों को रंगेहाथ दबोचा है।
10 से 15 हजार रुपये थी एंट्री फीस, लाखों का लगता था दांव
पुलिसिया पूछताछ और शुरुआती जांच में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पता चला है कि प्रकाश नगर निवासी प्रीतपाल सिंह के घर पर पिछले कई महीनों से यह अवैध धंधा चल रहा था। इस जुआखाने की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि यहां एंट्री पाने के लिए 10,500 से 15,000 रुपये तक की भारी-भरकम एंट्री फीस वसूली जाती थी। इस हाई-प्रोफाइल अड्डे पर रोजाना लाखों रुपये के दांव लगाए जाते थे।
कदमा, सोनारी और परसुडीह से पहुंचे थे शौकीन
जांच में यह भी सामने आया है कि इस जुआ के अड्डे पर केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि शहर के दूर-दराज के इलाकों से शौकीन युवक पहुंचे थे। पकड़े गए आरोपियों में कदमा, सोनारी और परसुडीह समेत कई अन्य क्षेत्रों के लोग भी शामिल हैं, जिससे यह साफ होता है कि यह नेटवर्क शहरभर में फैला हुआ था।
गुप्त सूचना पर पुलिस की मास्टरस्ट्रोफ कार्रवाई
लंबे समय से मिल रही गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और देर रात प्रकाश नगर स्थित मकान पर धावा बोल दिया।अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके से मिले 2 से 3 रजिस्टरों में पैसों के लेन-देन और हिसाब-किताब का पूरा लेखा-जोखा दर्ज है, जिसकी मदद से पुलिस अब इस धंधे के मुख्य सरगना और इसमें शामिल अन्य चेहरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, गिरफ्तार सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

