नाबालिग से दुष्कर्म पर भड़के CPI-AISF नेता, न्याय के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान

Reena Sharma
3 Min Read

बेगूसराय। मियाचक में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के नेताओं ने नाराजगी जताई है। पूर्व विधायक और सीपीआई के जिला मंत्री अवधेश राय ने पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात के बाद सरकार पर महिलाओं व छात्राओं के खिलाफ अपराध रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया और आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।

अपराधों पर रोक लगाने में सरकार की नाकामी का आरोप

अवधेश राय ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ अत्याचार तथा दुष्कर्म की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल बढ़ने से आम लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

नशे के बढ़ते प्रचलन पर जताई चिंता

एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव और सीपीआई बेगूसराय सचिवमंडल के सदस्य अमीन हमजा ने बिहार में स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताई। उन्होंने मियाचक की घटना को इंसानियत को शर्मसार करने वाला बताते हुए आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कठोर सजा दिलाने की मांग की।

न्याय के लिए संघर्ष करेगा संगठन

अमीन हमजा ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए उनका संगठन संघर्ष करेगा। उन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की, ताकि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के मन में कानून का भय पैदा हो।

सामाजिक बहिष्कार की भी उठी मांग

एआईएसएफ के राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमरेश कुमार और प्रगतिशील लेखक संघ की नेत्री व वार्ड पार्षद शगुफ्ता ताजवर ने कहा कि दुष्कर्म जैसे अपराध करने वालों का कोई जाति या धर्म नहीं होता। उन्होंने ऐसे लोगों के सामाजिक बहिष्कार और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

सदर अस्पताल पहुंचकर परिवार से मिले नेता

बताया गया कि पिछले दिनों मियाचक में एक नाबालिग लड़की के साथ दो व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीपीआई और एआईएसएफ का प्रतिनिधिमंडल सदर अस्पताल पहुंचा और पीड़िता व उसके परिवार से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान एआईएसएफ नेता अंकित सिंह, रविभूषण, अमरजीत, गालिब सहित पार्टी और संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share This Article