उरीमारी में देर रात गोलियों की गूंज, बिरसा सैनिक कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड को मारी गोली

Reena Sharma
2 Min Read

बरका-सयाल कोयलांचल क्षेत्र में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उरीमारी स्थित बिरसा सैनिक आउटसोर्सिंग कंपनी परिसर में देर रात बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने गोलीबारी की, जिसमें तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

बाइक सवार अपराधियों ने गार्ड को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, देर रात बाइक सवार अपराधी कंपनी परिसर में पहुंचे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से सिक्योरिटी गार्ड पर गोली चला दी। गोली लगने से गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कंपनी के मजदूरों और कर्मचारियों में भय का माहौल है।

घटनास्थल पर मिला कथित गैंग का पर्चा

घटनास्थल पर अपराधियों द्वारा एक पर्चा छोड़े जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पर्चे में राहुल दुबे गैंग ने गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, पर्चे की सत्यता और घटना में गैंग की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों के घटनास्थल पर पहुंचने, गोली चलाने और वारदात के बाद फरार होने के तरीके की जानकारी जुटा रही है। मौके से मिले साक्ष्यों और कथित पर्चे की भी जांच की जा रही है।

आउटसोर्सिंग कंपनियों में सुरक्षा को लेकर चिंता

बरका-सयाल कोयलांचल में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से आउटसोर्सिंग कंपनियों में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। देर रात कंपनी परिसर में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Share This Article