शेयर बाजार की आंधी में भी चमका अंबानी का सितारा: जियो प्लेटफॉर्म्स की धमाकेदार लिस्टिंग, निवेशकों के खिले चेहरे

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : शेयर बाजार में इस समय भले ही चारों तरफ मंदी और उथल-पुथल का माहौल हो, लेकिन मुकेश अंबानी की अगुवाई वाले रिलायंस समूह ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि असली दम किसमें है। देश के अब तक के सबसे बड़े यानी 30,218 करोड़ रुपये के जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ ने शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री ली है। बिकवाली के भारी दबाव और सुस्त बाजार के बीच भी जियो के शेयरों ने निवेशकों को निराश नहीं किया, बल्कि उम्मीद से कहीं बढ़कर 21% से ज्यादा के प्रीमियम के साथ शानदार डेब्यू किया है।

​1,119 रुपये के मुकाबले 1,358 पर खुला शेयर
​ऑफर के तहत कंपनी ने अपने शेयर का अपर प्राइस बैंड 1,119 रुपये तय किया था। लेकिन जैसे ही बुधवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर इसकी लिस्टिंग हुई, शेयर सीधे 1,358 रुपये के स्तर पर जा पहुंचा। यानी निवेशकों को प्रति शेयर पर सीधे तौर पर 239 रुपये का बंपर फायदा मिला है। इस दमदार लिस्टिंग के दम पर जियो प्लेटफॉर्म्स ने बाजार में उतरते ही वैल्यूएशन के मामले में देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी का रुतबा हासिल कर लिया है, जबकि पहले पायदान पर अभी भी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड कायम है।

एक लॉट और मैक्सिमम बिड वाले निवेशकों की बल्ले-बल्ले
​इस आईपीओ में आम और छोटे निवेशकों की कमाई का गणित बेहद शानदार रहा है।
​सिंगल लॉट निवेशकों का मुनाफा: इस आईपीओ में एक लॉट का साइज 12 शेयरों का था, जिसके लिए निवेशकों को 13,428 रुपये लगाने पड़े थे। लिस्टिंग के बाद यही रकम बढ़कर 16,296 रुपये हो गई। इस तरह हर एक लॉट पर निवेशकों को झटके में 2,868 रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ।
​अधिकतम निवेश पर बंपर रिटर्न: रिटेल निवेशक इस आईपीओ में अधिकतम 14 लॉट के लिए बोली लगा सकते थे, जिसके लिए 1,87,992 रुपये का निवेश करना पड़ा था। जिन दूरदर्शी निवेशकों ने अधिकतम सीमा तक दांव लगाया था, उनकी यह रकम लिस्टिंग के साथ ही छलांग लगाकर 2,28,144 रुपये पर पहुंच गई। यानी उन्हें एक ही झटके में 40,152 रुपये का तगड़ा फायदा मिला है।

निवेशकों का अटूट भरोसा और रिकॉर्डतोड़ सब्सक्रिप्शन
​यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि बाजार के उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशकों का भरोसा रिलायंस के डिजिटल विंग पर अटूट है। आपको बता दें कि 21 से 23 अक्टूबर के बीच खुले इस आईपीओ को कुल मिलाकर लगभग 22 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। रिटेल निवेशकों के उतरने से पहले ही एंकर निवेशकों ने इसमें 2.5 लाख करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोलियां लगाकर माहौल पहले ही गर्म कर दिया था। संस्थागत निवेशकों की कैटेगरी में तो इसे सबसे ज्यादा 67 गुना तक भरा गया था। बाजार के इस मौजूदा उथल-पुथल भरे दौर में जियो प्लेटफॉर्म्स की यह रिकॉर्डतोड़ लिस्टिंग यह बता गई है कि मजबूत फंडामेंटल्स वाली कंपनियों में किया गया निवेश हमेशा निवेशकों की डूबती नैया को पार लगा सकता है और मंदी के दौर में भी मालामाल कर सकता है।

Share This Article