उत्तराखंड में बड़ा हादसा! बदरीनाथ से लौट रहा यात्रियों से भरा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास लापता, क्रैश होने की आशंका

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। बदरीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहा एक यात्री हेलीकॉप्टर खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बीच अचानक लापता हो गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा जोशीमठ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विष्णु प्रयाग, मारवाड़ी क्षेत्र और चाई-थैंग गांव (हाथी पर्वत) के पास हुआ है, जहां हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन और चमोली जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिया संज्ञान, रेस्क्यू टीमों को किया गया रवाना
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर घटना की पुष्टि की है। सीएम धामी ने लिखा, चैई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मैं स्वयं पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूँ। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।

प्रशासन, आईटीबीपी और सेना की टीमें मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि राहत व बचाव कार्यों के लिए तुरंत प्रशासनिक टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। इसके अलावा, आईटीबीपी की एक टीम और सेना के जवानों को भी राज्य की रेस्क्यू टीमों के साथ तुरंत सर्च ऑपरेशन में लगा दिया गया है। प्रशासन और हेली कंपनी मिलकर हेलीकॉप्टर की सटीक लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट का था साया
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही 30 अक्टूबर के लिए उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बर्फबारी, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने की आशंका जताई गई थी। फिलहाल, खराब मौसम और धुंध के कारण राहत कार्यों में कुछ बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन युद्ध स्तर पर यात्रियों की तलाश में जुटा हुआ है।

Share This Article