डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ एक युवक को दबोचा है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, धारदार हथियार और वाहन समेत कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
प्लस टू हाई स्कूल के पास हुई गिरफ्तारी
खरसावां थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरायकेला अंचल निरीक्षक राजेश टुडू और खरसावां थाना प्रभारी राहुल सिंह ने इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने प्लस टू हाई स्कूल के पास सघन वाहन और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध देसी कट्टा, एक जिंदा गोली और एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने फौरन आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसकी बाइक (जेएच-05ए-0678) व मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया।
रायजामा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान खरसावां थाना क्षेत्र के रायजामा गांव निवासी 30 वर्षीय दुबु सरदार के रूप में हुई है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
खरसावां थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद सिंह के लिखित आवेदन पर खरसावां थाना कांड संख्या 54/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-ए)ए/26 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
इस सफल एंटी क्राइम अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, ASI हरेंद्र प्रसाद सिंह, हवलदार अजय कुजूर, आरक्षी सनातन महतो और महेश रविदास शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगामी सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए क्षेत्र में इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

