झारखंड। झारखंड में 10 साल के लंबे इंतजार के बाद आज शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित हो रही है। राज्यभर में 5,65,916 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसके लिए सभी 24 जिलों में 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
पहली पाली के अभ्यर्थियों को सघन जांच प्रक्रिया के बाद केंद्रों में प्रवेश दिया गया और परीक्षा शुरू कर दी गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद मिला प्रवेश
जारी निर्देशों के अनुसार, अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। वहीं, केंद्र में प्रवेश से पहले पानी की बोतलों के रैपर हटवाए गए। पुरुष उम्मीदवारों को बेल्ट खोलकर प्रवेश दिया गया। JTET की परीक्षा दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली कक्षा छह से आठ के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित है। यह परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। सुबह 9 बजे मुख्य गेट बंद कर दिया गया।
दूसरी पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे से प्रवेश
दूसरी पाली कक्षा एक से पांच के अभ्यर्थियों के लिए होगी। इसकी परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रवेश मिलेगा। इसके बाद गेट बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को ट्रैफिक और जांच में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया गया है। देर से आने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
स्ट्रांग रूम से लेकर साइबर सेल तक प्रशासन की निगरानी
परीक्षा के दौरान प्रशासन की निगरानी केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगी। स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरों, साइबर सेल, ट्रैफिक व्यवस्था, फायर ब्रिगेड और सदर अस्पतालों की आपात तैयारियों पर भी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू की गई है। साइबर सेल को सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने पेपर लीक या फर्जी प्रश्नपत्र के नाम पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए देर रात होटलों की भी जांच की गई। प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित, दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना प्रतिबंधित है। बैग, पर्स, किताबें और नोट्स भी नहीं ले जा सकेंगे। केंद्रों पर सामान रखने की व्यवस्था नहीं होगी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट, मूल फोटो पहचान पत्र और पारदर्शी बॉडी वाला बॉलपॉइंट पेन साथ रखना होगा।
ओएमआर शीट भरते समय सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार 30 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। श्रुतिलेखक की सुविधा भी निर्धारित शर्तों के तहत उपलब्ध होगी। किसी समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी जैक के कंट्रोल रूम के नंबर 7485093436, 7485093437 और 7485093440 पर संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक सक्रिय रहेगा।

