दिल दहला देने वाली घटना: हाट से लौट रही महिला पर ताबड़तोड़ वार, खून से लथपथ सड़क पर तोड़ा दम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:शहर के आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरूडीह (गोविंदपुर) इलाके में रविवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति की मौत के बाद अकेले अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाली 32 वर्षीय राधिका स्वायन की अज्ञात अपराधियों ने निर्ममता से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में खौफ और मातम का माहौल है।

हाट से लौटते वक्त हुआ कातिलाना हमला
जानकारी के अनुसार, राधिका रविवार रात करीब 10 बजे हाट के पास से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और उन पर चाकू और पत्थरों से ताबड़तोड़ कई वार किए। राधिका की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और मौके पर पहुंचते, तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल राधिका खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर पड़ी।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका की सास बसंती सिंहू तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान राधिका को तुरंत एक टेम्पो में लादकर टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती मुआयने में राधिका के पेट और गर्दन के पास चाकू के कई गहरे निशान मिले हैं।

अकेली कमाने वाली थी राधिका, उजड़ गया परिवार
परिजनों ने बताया कि राधिका के पति का पहले ही निधन हो चुका था। पति के जाने के बाद घर की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी राधिका के कंधों पर आ गई थी। वह ठेका मजदूरी में रेजा का काम करने के साथ-साथ घर पर अन्य छोटे-मोटे काम करके किसी तरह अपने परिवार का पेट पाल रही थी। उनकी इस तरह अचानक हुई दर्दनाक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस महकमे में हड़कंप, हर एंगल से हो रही जांच
वारदात की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और गश्ती वैन के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रविवार को राधिका घर से किसके साथ हाट गई थी और वापसी के दौरान उनका किसी से कोई विवाद हुआ था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश जुड़ी है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है, ताकि इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले असली चेहरों को बेनकाब किया जा सके।

Share This Article