डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर के सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के लिए एक विशेष एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खाद्यान्न वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना और रफ्तार को तेज करना था। कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले डीलर्स को सम्मानित किया गया, वहीं लापरवाही बरतने वालों को सख्त हिदायत भी दी गई।
कमांड कंट्रोल सेंटर से होगी हर गतिविधि की निगरानी
कार्यशाला के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब खाद्यान्न उठाव से लेकर ‘डोर स्टेप डिलीवरी’ तक की हर प्रक्रिया पर पैनी नजर रखी जाएगी। इसके लिए कमांड कंट्रोल सेंटर के जरिए लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, जिसकी विस्तृत जानकारी दुकानदारों के साथ साझा की गई।
न्यूनतम 95% वितरण का कड़ा लक्ष्य
प्रशासन ने सभी डीलर्स को खाद्यान्न वितरण के तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया है। अनुभाजन क्षेत्र में वितरण के प्रतिशत को बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए यह अनिवार्य किया गया है कि हर हाल में न्यूनतम 95 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बेहतर काम करने वाले डीलर सम्मानित
कार्यक्रम का एक सकारात्मक पहलू यह रहा कि सभी प्रखंडों से बेहतर और ईमानदारी से कार्य करने वाले दो-दो पीडीएस दुकानदारों को चुनकर सम्मानित किया गया, ताकि अन्य डीलर भी उनसे प्रेरणा ले सकें। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में एसओआर राहुल जी आनंद जी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फिकार अंसारी के अलावा विभिन्न प्रखंडों के बीएसओ, एमओ और बड़ी संख्या में जन वितरण प्रणाली के दुकानदार मौजूद रहे।

