दिल्ली के चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा, तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही, 2 लोगों की मौत से मचा हड़कंप; मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

Reena Sharma
3 Min Read

नई दिल्ली। दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। अब तक हादसे में 2 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है।

संकरी गलियों के कारण बचाव अभियान में आ रही परेशानी

हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। चावड़ी बाजार की संकरी गलियों के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आशंका है कि रास्ता संकरा होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने में काफी समय लग सकता है।

पार्षद ने अवैध निर्माण को लेकर उठाए सवाल

इलाके की पार्षद राफिया माहिर ने हादसे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध निर्माण का मुद्दा कई बार स्थायी समिति की बैठकों और सदन में उठाया गया था। इस पर रोक लगाने की मांग भी की गई थी, लेकिन महापौर और स्थायी समिति के अध्यक्ष ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आज इसी लापरवाही के कारण हादसा हुआ और लोगों की जान चली गई।

दो लोगों की मौत, एक व्यक्ति घायल

इस हादसे में अब तक 2 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। घटना के बाद से ही राहत एवं बचाव दल मौके पर जुटा हुआ है। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

पहले भी इमारत झुकने से मचा था हड़कंप

इससे पहले भी दिल्ली में एक चार मंजिला इमारत अचानक झुक गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और आनन-फानन में पूरी इमारत को खाली कराया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इमारतों के निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article