पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर एनडीए ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पटना में एनडीए के पांच घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बनाने का दावा किया।
इस दौरान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक और आरएम के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर वैशाली में आयोजित होने वाला कार्यक्रम बिहार के औद्योगिक विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगा।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर NDA ने दिखाई एकजुटता
20 नवंबर को बिहार में नई एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो रहा है। इसके अगले दिन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली पहुंचेंगे। दौरे की तैयारियों को लेकर पांचों घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री का वैशाली आगमन ऐतिहासिक होने वाला है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
1243 एकड़ में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क से विकास को मिलेगी गति
उमेश कुशवाहा ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल सहित कई विकास योजनाएं शामिल रहेंगी। इसके साथ ही वैशाली में 1243 एकड़ में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क बिहार के विकास को नई दिशा देगा। इससे राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जफरपट्टी को बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राजापाकर प्रखंड के जफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम आयोजित होगा। आने वाले समय में यह क्षेत्र बिहार के बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार अब निवेश और औद्योगिक विकास के केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
नौकरी खोजने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनेगा बिहार का युवा
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार के प्रति रिश्ता राजनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास और विकास का रिश्ता है। एनडीए की डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि बिहार का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से सड़क, रेल, हवाई संपर्क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है।
वैशाली की धरती से विकास की नई इबारत लिखने का दावा
एनडीए नेताओं ने दावा किया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा बिहार के औद्योगिक भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा और वैशाली की धरती से विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। नेताओं के अनुसार, औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर इस कार्यक्रम के प्रमुख केंद्र होंगे।

