छठ से पहले पटना की फल मंडियों में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, केला-संतरा समेत कई फलों के लिए गए सैंपल

Reena Sharma
2 Min Read

पटना। छठ महापर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है। श्रद्धालुओं की सेहत के साथ खिलवाड़ रोकने और सुरक्षित फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की ओर से पटना की विभिन्न फल मंडियों और कोल्ड स्टोरेज में लगातार छापेमारी की जा रही है।

इनकम टैक्स चौराहे के पास फल मंडी में छापेमारी

इसी अभियान के तहत पटना के इनकम टैक्स चौराहे के पास स्थित फल मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान विभिन्न फलों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। अधिकारियों के अनुसार, छठ पूजा के दौरान फलों की मांग बढ़ने को देखते हुए उनकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है।

फलों को कृत्रिम तरीके से पकाने पर विभाग की नजर

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि छठ पूजा के दौरान केला, संतरा समेत कई फलों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में फलों को जल्दी पकाने के लिए कुछ जगहों पर कृत्रिम और प्रतिबंधित रसायनों के इस्तेमाल की आशंका रहती है। ऐसे रसायन लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

सैंपल जांच के बाद गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई

विभाग की टीम अलग-अलग फलों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज रही है। जांच रिपोर्ट में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित दुकानदारों और कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले फलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

फल कारोबारियों को रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने फल कारोबारियों को विभाग में अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश भी दिया है। इसके साथ ही छठ महापर्व को देखते हुए विभाग की छापेमारी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल उपलब्ध हो सकें।

Share This Article