ढाई करोड़ से ज्यादा का सोना जब्त! कामाख्या-पुरी एक्सप्रेस से आरपीएफ ने दबोचा संदिग्ध यात्री

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत हावड़ा रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। आरपीएफ ने कामाख्या-पुरी एक्सप्रेस से ओडिशा ले जाया जा रहा 1.742 किलोग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.54 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में ओडिशा के एक तस्कर को गिरफ्तार कर कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया है।

प्लेटफॉर्म नंबर 18 पर की गई कार्रवाई
​सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 18 पर ट्रेन संख्या 15644 (कामाख्या-पुरी एक्सप्रेस) के प्रस्थान से पहले आरपीएफ के जवान गश्त पर थे। इस दौरान एक यात्री की संदिग्ध गतिविधियों पर उनकी नजर पड़ी। शक होने पर आरपीएफ ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। जब उसके सामान की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों के होश उड़ गए। उसके पास से भारी मात्रा में छिपाकर ले जाया जा रहा सोना बरामद हुआ।

दस्तावेज दिखाने में रहा नाकाम
​पकड़े गए आरोपी की पहचान 36 वर्षीय के. चंद्र शेखर दास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के गंजम जिले का रहने वाला है। जब आरपीएफ अधिकारियों ने उससे सोने के वैध कागजात या खरीद से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और कागजात दिखाने में पूरी तरह असमर्थ रहा। इसके बाद आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 1.742 किलोग्राम सोने को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त किए गए सोने की सटीक कीमत 2,54,64,556 रुपये आंकी गई है।

कस्टम विभाग को सौंपा गया आरोपी
​कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए आरपीएफ ने आरोपी और जब्त किए गए सोने को आगे की विस्तृत जांच और टैक्स चोरी के एंगल से पूछताछ के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों के जरिए होने वाली अवैध तस्करी पर लगाम लगाने के लिए आरपीएफ का यह ‘ऑपरेशन सतर्क’ अभियान लगातार रंग ला रहा है।

Share This Article