आपकी आवाज, आपका विचार और 10 हजार का इनाम! ‘आवाज झारखंड 2026’ में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का खास मंच

Reena Sharma
5 Min Read

रांचीः मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर एक तरफ राजनीतिक विरोध चल रहा है, वहीं दूसरी ओर चुनाव आयोग वोटर लिस्ट को स्वच्छ और पारदर्शी बनाने के लिए युवाओं और भावी मतदाताओं से सुझाव मांगने में जुटा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड में चल रहे ‘आवाज झारखंड 2026’ के तहत चयनित तीन सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सम्मानित करने के साथ पुरस्कृत भी किया जाएगा।

युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने की पहल

इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि इसके जरिए युवाओं और भावी मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में राज्य के विद्यालयों और महाविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से 5 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में ECINET ऐप डाउनलोड करने और सोशल मीडिया के जरिए इसके प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। इसके तहत एक दिन में 82 हजार ECINET ऐप डाउनलोड हुए। वहीं, आयोग के निर्देशानुसार सभी जिलों में जिला स्तर, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर और ELC स्तर पर 2 से 20 नवंबर 2026 तक निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता में मिलेगा मौका

युवाओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक विमर्श को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर ‘आवाज झारखंड 2026’ भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के कक्षा 9वीं और 10वीं, कक्षा 11वीं और 12वीं तथा महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।

प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपनी प्रस्तुति दे सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए तीन विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें पहला शुद्ध मतदाता सूची से मजबूत लोकतंत्र, दूसरा लोकतंत्र क्या है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका तथा तीसरा मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण आवश्यक क्यों है?

1 से 5 मिनट का वीडियो बनाकर करना होगा अपलोड

प्रतिभागियों को चयनित विषय पर 1 से 5 मिनट का भाषण वीडियो रिकॉर्ड कर निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से अपलोड करना होगा। वीडियो पोर्ट्रेट फॉर्मेट (9:16) में होना चाहिए। इसके साथ भाषण की लिखित स्क्रिप्ट भी हिंदी अथवा अंग्रेजी में अपलोड करनी होगी। प्रतिभागियों के लिए गूगल फॉर्म का लिंक है:

https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSdHwGG-KuRprw21uKo1yjBh1GkQICRHDSAbmiXC3quYPVPrIA/viewform?usp=publish-editor

यह फॉर्म मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर भी उपलब्ध है। वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है, हालांकि इसके बढ़ने की संभावना है।

विजेताओं को मिलेंगे 10 हजार रुपये तक के पुरस्कार

हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषा श्रेणियों में अलग-अलग प्रथम पुरस्कार 10,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 3,000 रुपये के साथ ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोग ने सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की मौलिक रचना और प्रस्तुति अनिवार्य की है। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की वास्तविक आवाज और प्रस्तुति जरूरी होगी। AI द्वारा निर्मित दृश्य और ऑडियो सामग्री का उपयोग स्वीकार्य नहीं होगा।

निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए तय हुए विषय

चुनाव आयोग ने निबंध प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित किए हैं। पहला शुद्ध मतदाता सूची का महत्व और दूसरा मतदान का महत्व। विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए 500 से 800 शब्द और महाविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए 800 से 1200 शब्दों की सीमा तय की गई है। निबंध हिंदी या अंग्रेजी में लिखे जा सकेंगे। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, EVM और VVPAT, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।

तीन चरणों में होगा प्रतिभागियों का चयन

दोनों प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम चरण में संस्थान स्तर पर ELC के माध्यम से प्रतियोगिता होगी, जिसमें प्रत्येक प्रतियोगिता से दो प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। दूसरे चरण में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जहां से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। अंतिम चरण जिला स्तर पर आयोजित होगा, जिसमें प्रत्येक प्रतियोगिता के शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा।

Share This Article