जमशेदपुर में बड़ा हादसा: स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को बेकाबू कार ने मारी जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: शहर के टेल्को थाना अंतर्गत रिंग रोड पर बुधवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कार ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में ऑटो में सवार 8 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराए गए बच्चे

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए सभी बच्चे टेल्को स्थित गुरु नानक स्कूल के विद्यार्थी हैं। घायलों में अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी और अनुष्का कुमारी शामिल हैं। हादसे के फौरन बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और सभी घायल बच्चों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

महिला चला रही थी कार, हादसे के बाद फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार (संख्या JH 05 DJ 3955) को एक महिला चला रही थी। रिंग रोड के पास अचानक वाहन से नियंत्रण खो जाने के कारण कार सीधे स्कूली बच्चों से भरे पैसेंजर ऑटो (संख्या JH 05 Z 3841) से जा टकराई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गई।

पुलिस जांच में जुटी, स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में हड़कंप मच गया और वे अस्पताल की ओर दौड़े। मौके पर पहुंची टेल्को थाना पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने कार नंबर के आधार पर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों के परिवहन और सड़क सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article