घर पैसे भेजने की टेंशन खत्म! अब बिना बैंक खाते के भी कर सकेंगे ₹50,000 तक का मनी ट्रांसफर, जानें नया नियम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया: दूसरे शहरों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों और उन लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है, जिनका खुद का बैंक खाता नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक ने घरेलू मनी ट्रांसफर के नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए आम जनता को बड़ी सहूलियत दी है। अब कोई भी व्यक्ति बिना बैंक अकाउंट के भी नकद जमा करके किसी दूसरे के बैंक खाते में एक बार में 50,000 रुपये तक भेज सकेगा।

कैसे काम करेगी यह नई व्यवस्था?
RBI द्वारा जारी किए गए नए एकीकृत दिशानिर्देशों के तहत, पैसों के लेन-देन को बेहद आसान बना दिया गया है।

बैंक शाखा से सीधा ट्रांसफर: अगर आपके पास बैंक खाता नहीं है, तो आप किसी भी बैंक की शाखा में जाकर नकद रुपये जमा कर सकते हैं। इसके लिए आपको सिर्फ उस व्यक्ति के बैंक खाते की जानकारी देनी होगी, जिसे आप पैसे भेजना चाहते हैं। इस माध्यम से एक बार में अधिकतम 50,000 रुपये तक ट्रांसफर किए जा सकेंगे।

ATM और बैंकिंग एजेंट की सुविधा: बैंक अपने ग्राहकों को बैंकिंग प्रतिनिधियों और एटीएम के जरिए भी किसी लाभार्थी के खाते में पैसे भेजने की सुविधा दे सकते हैं। हालांकि, इस विकल्प के जरिए एक बार में अधिकतम 5,000 रुपये और एक महीने में कुल 25,000 रुपये ही भेजे जा सकेंगे।

बिना खाते वाले को कैश पेमेंट: नई व्यवस्था में बिना बैंक खाते वाले व्यक्ति को नकद भुगतान करने का भी प्रावधान है। यह भुगतान एटीएम, बैंकिंग प्रतिनिधि या अन्य अधिकृत माध्यमों से किया जा सकता है। इसमें एक बार में अधिकतम 10,000 रुपये और एक महीने में किसी एक लाभार्थी को कुल 25,000 रुपये तक नकद दिए जा सकेंगे।

क्या नियम से बाहर रहेगा?
केंद्रीय बैंक ने यह भी साफ किया है कि एक कार्ड से दूसरे कार्ड में होने वाला धन हस्तांतरण इन नए दिशानिर्देशों के दायरे में नहीं आएगा। इन नियमों का सीधा फायदा उन लाखों प्रवासी श्रमिकों और कामगारों को मिलेगा, जिन्हें अपने परिवार को पैसे भेजने के लिए दूसरों के बैंक खातों पर निर्भर रहना पड़ता था।

Share This Article