डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी सिलसिले में जिला उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने डिमना लेक, दोमुहानी घाट, स्वर्णरेखा घाट और बागबेड़ा घाट की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित विभागों को सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
साफ-सफाई और बैरिकेडिंग पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान डीसी राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी घाटों और वहां तक आने वाले पहुंच पथों की विशेष रूप से साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही, कचरा प्रबंधन, पर्याप्त रोशनी और व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बुजुर्गों और महिलाओं की सुविधा का विशेष ख्याल रखने का निर्देश देते हुए कहा कि रास्तों को पूरी तरह सुगम बनाया जाए। गहरे पानी वाले डेंजर जोन को लाल झंडों और चेतावनी संकेतक से चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, ताकि कोई भी श्रद्धालु खतरनाक स्थलों तक न पहुंच सके।
गोताखोर, मेडिकल टीम और कंट्रोल रूम से निगरानी
सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए डीसी ने सभी प्रमुख घाटों पर
पर्याप्त संख्या में गोताखोर और प्रशिक्षित बचाव दलों की तैनाती। नाव और लाइफ जैकेट की उपलब्धता। मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की तैनाती। कंट्रोल रूम के जरिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों और विभिन्न विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय रहते सभी कार्य पूरे करने को कहा, ताकि व्रती बिना किसी परेशानी के भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें।
सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर एसएसपी का फोकस
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने विधि-व्यवस्था और सुरक्षा की समीक्षा करते हुए कहा कि हर घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और सुगम यातायात प्रबंधन के लिए पुलिसकर्मियों की विशेष रूप से प्रतिनियुक्ति होगी। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक माध्यमों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि शांतिपूर्ण माहौल में महापर्व संपन्न हो सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त के अलावा पथ निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जुस्को के प्रतिनिधि, अन्य संबंधित पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

