खरना का प्रसाद खाने गया परिवार, पीछे से चोरों ने घर को बना दिया निशाना; 25 लाख के गहने-नकदी लेकर फरार

Reena Sharma
3 Min Read

छठ महापर्व की आस्था और उल्लास के बीच देवघर में चोरों ने एक बुजुर्ग परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। छठ के खरना का प्रसाद ग्रहण करने गांव गए बुजुर्ग दंपति को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ घंटों के लिए सूना छोड़ा गया उनका घर चोरों के निशाने पर है। जब वे वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर से नकदी और जेवरात समेत करीब 20 से 25 लाख रुपये की संपत्ति गायब थी। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है।

खरना का प्रसाद खाने गांव गए थे दंपति, सूने घर में घुसे चोर

घटना देवघर नगर थाना क्षेत्र के सत्संग चौक के समीप की है। पीड़ित सुमन कुमार राय और उनकी पत्नी छठ पूजा का खरना प्रसाद ग्रहण करने अपने गांव बाघमारी, देवीपुर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। चोर घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति समेटकर फरार हो गए।

बेटे की शादी के गहने भी ले उड़े चोर, बुजुर्ग महिला का रो-रोकर बुरा हाल

इस वारदात ने परिवार को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ भावनात्मक रूप से भी तोड़ दिया है। पीड़ित महिला के मुताबिक, हाल ही में उनके बेटे की शादी हुई थी। शादी के बाद घर में रखे गहने और कई कीमती सामान भी चोर अपने साथ ले गए। जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। अपनी जमा-पूंजी और बेटे की शादी के गहने गंवाने के बाद बुजुर्ग महिला का रो-रोकर बुरा हाल है।

किसी जान-पहचान वाले पर शक, घर की रेकी करने की आशंका

पीड़ित महिला ने चोरी की इस वारदात में किसी जान-पहचान के व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई है। घटना के बाद कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। आखिर चोरों को घर खाली होने की जानकारी कैसे मिली? क्या पहले से परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी या किसी ने घर की रेकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस, जांच में जुटे अधिकारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस बड़ी चोरी का खुलासा कर कब तक अपराधियों तक पहुंच पाती है। फिलहाल बुजुर्ग परिवार अपनी जिंदगी की जमा-पूंजी गंवाने के बाद न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।

Share This Article