गया। औरंगाबाद से राजद सांसद अभय कुशवाहा ने बिहारवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। गया के कुजापी स्थित अपने गांव में छठ पूजा में शामिल होने पहुंचे सांसद ने छठ की तैयारियों और बिहार की राजनीति को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 में कुजापी सूर्य मंदिर और छठ पूजा के लिए रामवृक्ष सरोवर का निर्माण कराया गया था। हर साल छठ महापर्व पर यहां विशेष आयोजन किया जाता है। इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं।
कुजापी छठ घाट पर भव्य तैयारी, पार्किंग और वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था
सांसद अभय कुशवाहा ने बताया कि इस बार छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। चारपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गई है, साथ ही पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि बिहार के विभिन्न छठ घाटों की तरह उनके नेतृत्व में कुजापी घाट को भी भव्य तरीके से सजाया जाता है। यहां हर साल छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की जाती हैं।
देशभर में बढ़ रही छठ महापर्व की भव्यता : अभय कुशवाहा
सांसद ने कहा कि बिहारवासियों के लिए यह गर्व की बात है कि छठ महापर्व की पहचान अब देशभर में बढ़ रही है। पहले छठ पूजा को केवल बिहार तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब एयरपोर्ट से लेकर रेलवे स्टेशन तक छठ गीत सुनाई दे रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि लोक आस्था के इस महापर्व की भव्यता और लोकप्रियता पूरे देश में बढ़ रही है।
नीतीश कुमार साथ आते हैं तो स्वागत, तेजस्वी के नेतृत्व में निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की बात
बिहार की राजनीति पर बोलते हुए अभय कुशवाहा ने कहा कि मुंबई में छठ महापर्व को लेकर जिस तरह की बयानबाजी हो रही है, वह ठीक नहीं है। देश में राज्यवार भेदभाव की राजनीति नहीं होनी चाहिए। रोहिणी आचार्य के नीतीश कुमार को चाचा कहने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि इसमें गलत क्या है?
अगर नीतीश कुमार साथ आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने मिलकर पहले भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया था। अगर वे दोबारा साथ आते हैं तो तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजने का किया जिक्र
2029 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का दावा
अभय कुशवाहा ने चिराग पासवान के पिता रामविलास पासवान का जिक्र करते हुए कहा कि जब उनके पास कुछ नहीं था, तब लालू प्रसाद यादव ने उन्हें राज्यसभा भेजने का काम किया था। उन्होंने कहा कि लोग कई बार पुराने सहयोग और योगदान को भूल जाते हैं।
सांसद ने दावा किया कि राजद को बिहार में सबसे अधिक वोट प्रतिशत मिला है और भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी होने के दावे के बावजूद सबसे ज्यादा वोट राजद के हिस्से में आए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की लहर होने की बात कहते हुए अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने और वर्ष 2029 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का दावा भी किया।

