धनबाद में CISF का कोयला चोरों पर बड़ा प्रहार, 14 ठिकानों पर छापेमारी; 15 टन से अधिक कोयला जब्त

Reena Sharma
3 Min Read

बाघमारा। बीसीसीएल CISF इकाई, बीसीसीएल धनबाद द्वारा अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत आज कुल 14 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी एवं सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से भारी मात्रा में कोयला, वाहन और अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए।

गोविंदपुर और कतरास में छापेमारी, कोयला और स्कूटर जब्त

गोविंदपुर क्षेत्र एरिया-03 की एन.ए.के.सी. कोलियरी के सालानपुर प्रोजेक्ट के ऊपर आकाश किनारी खटाल बस्ती के समीप बोरियों में भरा कुल 2 टन 250 किलोग्राम कोयला जब्त किया गया। वहीं, कतरास क्षेत्र (क्षेत्र-04) के 17 नंबर कोल डंप के ऊपर से लगभग 100 किलोग्राम कोयला एवं एक स्कूटर जब्त किया गया।

चांच विक्टोरिया में 13 टन कोयला और खनन उपकरण बरामद

क्षेत्र-12 (चांच विक्टोरिया) के कैथरडीह जंगल क्षेत्र में छापेमारी के दौरान लगभग 13 मीट्रिक टन कोयला सहित एक स्कूटर, दो पोर्टेबल जनरेटर, दो इलेक्ट्रिक पंप, एक डीजल पंप एवं दो अर्थ ड्रिलिंग मशीनें जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त चार अवैध मुहानों एवं एक एस्केप रूट की भराई की गई।

अवैध मुहानों और एस्केप रूट को किया गया बंद, 122 वाहनों की जांच

एरिया-04 (कतरास) में भूमि माइंस के ऊपर पांडेडीह बस्ती के पास स्थित एक एस्केप रूट को बीसीसीएल प्रबंधन के सहयोग से बंद किया गया। एरिया-05 (सिजुआ) में हनुमानगढ़ी 7 नंबर बस्ती और लोयाबाद रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक अवैध मुहाने की भराई की गई। वहीं, एरिया-12 (चांच विक्टोरिया) के कैथरडीह जंगल क्षेत्र में तीन अवैध मुहानों की भराई की गई। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में नाका लगाकर कुल 122 वाहनों की जांच की गई।

ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी, अभियान रहेगा जारी

महूदा (क्षेत्र-02), मुनीडीह क्षेत्र, कतरास (क्षेत्र-04), पुटकी (क्षेत्र-07) एवं बी.के.-2 क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से माइंस और संवेदनशील हॉटस्पॉट स्थलों की हवाई निगरानी की गई। भारत सरकार की “Zero Coal Leakage Tolerance Policy” के तहत CISF यूनिट और बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा कोयला चोरी एवं अवैध खनन की रोकथाम के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।

Share This Article