​झारखंड के मौसम में बड़ा उलटफेर: चक्रवात ‘अकवान’ के कारण इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, ठंड बढ़ाएगी तेवर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब देश के कई राज्यों के साथ-साथ झारखंड के मौसम पर भी साफ तौर पर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, इस चक्रवात के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में बादलों का डेरा रहेगा और झमाझम बारिश के साथ ठंड में भी तेजी से इजाफा होगा।

19 और 20 नवंबर को होगी बारिश
​मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना गहरा दबाव अब एक खतरनाक चक्रवाती तूफान का रूप ले चुका है, जो आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को झारखंड का मौसम पूरी तरह से बदल जाएगा।
​19 नवंबर: पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां समेत दक्षिणी हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
​20 नवंबर: दक्षिणी और आसपास के मध्य झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

तापमान में आएगी भारी गिरावट, बढ़ेगी कनकनी
​चक्रवात के गुजरने के बाद आसमान साफ होने के साथ ही ठंड का अहसास और ज्यादा बढ़ जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आ सकती है, जिससे राज्यभर में कनकनी और बढ़ेगी। फिलहाल मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि दिन में मौसम शुष्क रहा, लेकिन सुबह और रात के समय सर्द हवाओं और कोहरे ने लोगों को ठंड का अहसास कराना शुरू कर दिया है।

Share This Article