धालभूमगढ़ लूटकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; नकदी समेत लूट का सामान बरामद

Reena Sharma
3 Min Read

जमशेदपुर। धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से लूट में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल, 68,120 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किये गये हैं। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर एजेंट से लूटे गये सैमसंग मोबाइल फोन और टैबलेट भी बरामद कर लिये गये हैं।

विशेष टीम गठित कर शुरू की गयी जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। जांच के दौरान पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया। वाहन मालिक की पहचान नौशाद अंसारी (करीब 39 वर्ष), पिता कुतुबुद्दीन अंसारी, निवासी पोखरिया, थाना बोड़ाम, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई। इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की गयी, जिसमें घटना के समय मोबाइल की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली।

केल्कोचा के पास छापेमारी कर दो गिरफ्तार

पुलिस ने 18 नवंबर 2026 की शाम श्यामसुंदरपुर थाना और बहरागोड़ा थाना के सहयोग से छापेमारी की। इस दौरान श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के केल्कोचा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेनापति बेरा (करीब 40 वर्ष), निवासी सियालबिंदा, थाना बहरागोड़ा, पूर्वी सिंहभूम और नौशाद अंसारी (करीब 39 वर्ष), पिता कुतुबुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। नौशाद का वर्तमान पता कपाली, टीओपी के पास, थाना कपाली ओपी, सरायकेला-खरसावां और स्थायी पता पोखरिया, थाना बोड़ाम, पूर्वी सिंहभूम बताया गया है।

मोटरसाइकिल, नकदी और लूटे गये उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लूट में इस्तेमाल की गयी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (जेएच05एआर6727), दो मोबाइल फोन, एक चाकू, एक फाइटर और 68,120 रुपये नकद बरामद किये। इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर एजेंट से लूटे गये एक सैमसंग मोबाइल फोन और एक टैबलेट को भी जब्त किया गया।

पुलिस की विशेष टीम में ये अधिकारी थे शामिल

इस कार्रवाई में घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी, धालभूमगढ़ अंचल के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह, धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा, श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार, धालभूमगढ़ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रीतम राज, फिलिप कुजूर और चंदन माझी, बहरागोड़ा थाना के राम प्रवेश राय, हवलदार उपेन्द्र कुमार पासवान तथा आरक्षी महेन्द्र प्रसाद गुण्डा और संजय बांदिया शामिल थे।

Share This Article