डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया: पश्चिम बंगाल सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए एक अनूठा कदम उठाया है। राज्य में अब ‘बृहन्नला ब्रिगेड’ नाम से एक विशेष बल तैयार किया जा रहा है, जो न केवल सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुधारने में मदद करेगा, बल्कि नगर निगमों के लंबे समय से अटके टैक्स की वसूली में भी अहम भूमिका निभाएगा।
रोजगार और सम्मान का नया जरिया
राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इस महत्वाकांक्षी योजना का खाका पेश किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर शुरू किए जा रहे इस प्रोजेक्ट का मुख्य लक्ष्य समुदाय के लोगों को भिक्षावृत्ति से निकालकर सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना है। इस काम के लिए सरकार की तरफ से ब्रिगेड के सदस्यों को एक तय मासिक मानदेय भी दिया जाएगा।
कैसे काम करेगी ‘बृहन्नला ब्रिगेड’?
यातायात और स्वच्छता के प्रहरी: योजना के शुरुआती चरण में इच्छुक उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें पुलिस द्वारा विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद कोलकाता और आसपास के शहरी इलाकों के प्रमुख चौराहों पर इनकी तैनाती होगी। ये वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, चलती गाड़ियों से सड़क पर थूकने या कचरा फेंकने वालों को रोककर स्वच्छता का पाठ भी पढ़ाएंगे।
टैक्स वसूली में नगर निगम के मददगार: राज्य के विभिन्न नगर निकायों में संपत्ति कर की बड़ी रकम बकाया है। स्टाफ की कमी के चलते अब तक केवल नोटिस भेजकर ही काम चलाया जा रहा था। अब इस ब्रिगेड के प्रशिक्षित सदस्य नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर घर-घर जाएंगे और लोगों को बकाया टैक्स चुकाने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए उन्हें संवाद कौशल की खास ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे नागरिकों के साथ बेहद विनम्रता से पेश आ सकें।

