ऑपरेशन सतर्क : धनबाद स्टेशन पर महुआ शराब बेचते महिला गिरफ्तार, 2 लीटर शराब जब्त

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने धनबाद स्टेशन के साउथ साइड स्थित जनता ब्रिज के पास शराब बेचते एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुराने हरे रंग के प्लास्टिक कोल्ड ड्रिंक्स बोतल में रखी लगभग दो लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गयी है। गिरफ्तार महिला धनबाद की निवासी है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उत्पाद विभाग, धनबाद को सुपुर्द कर दिया गया।

जनता ब्रिज के पास बेच रही थी शराब

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान 22 नवंबर 2026 को गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 बजे जनता ब्रिज के पास बरगद के पेड़ के नीचे एक महिला पुराने हरे रंग के प्लास्टिक बोतल में देशी शराब बेचते दिखाई दी। आरपीएफ जवानों को अपनी ओर आते देख महिला भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

बोतल में मिली दो लीटर महुआ शराब

पूछताछ के दौरान महिला ने बोतल में लगभग दो लीटर देशी महुआ शराब होने और उसे बेचने की बात स्वीकार की। रेलवे परिक्षेत्र में देशी शराब रखने एवं बेचने के संबंध में वैध अधिकार पत्र या कागजात मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद उप-निरीक्षक राधा कुमारी ने उपस्थित गवाहों के समक्ष सुबह करीब 9:50 बजे शराब जब्त कर ली।

उत्पाद विभाग को किया गया सुपुर्द

महिला को उसके अपराध से अवगत कराते हुए मानवाधिकार के नियमों का पालन कर सुबह करीब 10 बजे गिरफ्तार किया गया। जामा तलाशी में पहने हुए कपड़ों के अतिरिक्त उसके पास से कोई अन्य सामान बरामद नहीं हुआ। आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को उत्पाद विभाग, धनबाद को सुपुर्द कर दिया गया।

पहले भी शराब बेचने के आरोप में पकड़ी गयी थी महिला

गिरफ्तार महिला को 11 मार्च 2025 को भी धनबाद स्टेशन क्षेत्राधिकार से देशी शराब बेचने के आरोप में पकड़ा गया था। उस समय भी उसे उत्पाद विभाग, धनबाद को सुपुर्द किया गया था।

Share This Article