मां-बेटी के मजबूत रिश्ते से सशक्त होंगी बेटियां, विद्या भारती की बैठक में बालिका शिक्षा पर हुआ मंथन

Reena Sharma
2 Min Read

देवघर। कुंडा स्थित उमा नलिनी ब्रह्म सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से विभाग स्तरीय बालिका शिक्षा बैठक सह माता-पुत्री विचार गोष्ठी आयोजित की गयी। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रांत संयोजिका रंजना कुमारी सिंह, प्रतिभा वर्णवाल, गायत्री मिश्रा, विभाग प्रमुख सुरेश मंडल व प्रधानाचार्य मुकुल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास पर दिया मार्गदर्शन

रंजना कुमारी सिंह ने विभिन्न विद्यालयों की बालिका शिक्षा प्रमुखों से छात्राओं के लिए किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उनके विचार सुनकर बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि कई समस्याएं ऐसी होती हैं, जिन्हें बेटियां अपनी माताओं से भी साझा करने में झिझकती हैं। ऐसे में विद्यालय की दीदी की भूमिका अहम हो जाती है। विचार गोष्ठियों के माध्यम से उन्हें सुरक्षा और वर्तमान चुनौतियों से मुकाबले के लिए जागरूक किया जाना चाहिए।

मां-बेटी के बीच संवाद जरूरी

गोष्ठी में रंजना कुमारी सिंह, किरण राय, दंत चिकित्सक डॉ. पूजा राय, प्रतिभा वर्णवाल व गायत्री मिश्रा ने माताओं और बेटियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने मां-बेटी के बीच बेहतर संवाद और आपसी विश्वास को जरूरी बताया।

बेटियों की समस्याओं को समझने की अपील

वक्ताओं ने माताओं से बेटियों के व्यवहार में होने वाले बदलावों पर ध्यान देने तथा घर में ऐसा माहौल बनाने की अपील की, जहां बेटियां बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि बेटियों की भावनाओं को समझना और उन्हें उचित मार्गदर्शन देना बेहद जरूरी है।

शिक्षिकाओं ने संभाली कार्यक्रम की जिम्मेदारी

कार्यक्रम का मंच संचालन आचार्या खुशबू कुमारी झा ने किया, जबकि अतिथि परिचय आचार्या सुष्मिता राज ने कराया।

Share This Article