डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोनारी स्थित ऐतिहासिक दोमुहानी संगम पर स्वर्णरेखा और खरकाई नदियों के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद उन्होंने विधि-विधान से सूर्य देव और नदी की पूजा-अर्चना की तथा राज्य व शहरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कार्तिक पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
इधर, कार्तिक पूर्णिमा को लेकर पूरी लौहनगरी में सुबह से ही भारी उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त से ही स्वर्णरेखा और खरकाई नदी के प्रमुख घाटों—जैसे दोमुहानी घाट, मानगो पुल घाट, साकची सुवर्णरेखा घाट, बड़ौदा घाट और कपाली घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने पवित्र नदियों में स्नान कर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की। धार्मिक मान्यता के अनुसार, स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों और ब्राह्मणों के बीच अन्न, वस्त्र और द्रव्य का दान-पुण्य किया। कई श्रद्धालुओं ने घाटों पर ही सत्यनारायण भगवान की कथा सुनी और दीपदान कर अपने परिवार की मंगलकामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिहाज से गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि कई संस्थाओं ने श्रद्धालुओं के लिए चाय, शरबत और प्रसाद का वितरण किया। दिनभर नदी घाटों पर मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

