धनबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर निरसा थाना क्षेत्र के देबियाना मोड़ के समीप मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क पर पलट गई और उसके चारों पहिये ऊपर हो गए। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची निरसा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले गई।
देवघर से आसनसोल जा रही थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई। कार देवघर से आसनसोल की ओर जा रही थी। इसी दौरान देबियाना मोड़ के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद कार से निकलकर चालक फरार
दुर्घटना के बाद चालक किसी तरह क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकला और मौके से चला गया। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल चालक के नशे में होने की बात अपुष्ट है।
पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर निरसा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक की पहचान करने के साथ ही उसके मौके से फरार होने के कारणों की जांच कर रही है।
बाल-बाल बचे राहगीर, टल गया बड़ा हादसा
राहत की बात रही कि दुर्घटना के समय कार की चपेट में कोई दूसरा वाहन या राहगीर नहीं आया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।

