रांची स्टेशन पर बदलेगा सूचना पाने का अंदाज, डिजिटल अवतार सांकेतिक भाषा में बताएगा ट्रेनों का हाल

Reena Sharma
4 Min Read

रांची। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते समय अब सुनने में अक्षम यात्रियों को जरूरी जानकारियों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रांची रेलवे स्टेशन पर जल्द ही डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली (DSLIS) शुरू होने जा रही है। इस तकनीक के जरिए एक डिजिटल अवतार सांकेतिक भाषा में ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान, प्लेटफॉर्म में बदलाव और अन्य जरूरी सूचनाएं देगा। स्टेशन की सभी 20 एलईडी स्क्रीन पर यह सुविधा उपलब्ध होगी। खास बात यह है कि रांची झारखंड ही नहीं, बल्कि दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) का पहला स्टेशन होगा, जहां यह व्यवस्था शुरू की जाएगी।

दिसंबर 2026 तक सुविधा शुरू करने की तैयारी

रेलवे का लक्ष्य दिसंबर 2026 के अंत तक इस सुविधा को चालू करने का है। फिलहाल रेलवे इस प्रणाली की खरीद प्रक्रिया जारी रखे हुए है। शुरुआत में डिजिटल सांकेतिक भाषा सूचना प्रणाली हिंदी और अंग्रेजी में काम करेगी। हालांकि, इसे अन्य भाषाओं के अनुकूल भी तैयार किया गया है।

डिजिटल अवतार के जरिए समझ सकेंगे रेलवे की घोषणाएं

इस प्रणाली के तहत एक डिजिटल अवतार सांकेतिक भाषा के माध्यम से यात्रियों तक रेलवे से जुड़ी जरूरी सूचनाएं पहुंचाएगा। इसके लिए रेलवे के सामान्य शब्दों और विभिन्न स्टेशनों के नाम का एक विशेष डिजिटल शब्दकोश भी तैयार किया गया है। इसकी मदद से यात्री रेलवे में इस्तेमाल होने वाले जरूरी शब्दों और घोषणाओं को सांकेतिक भाषा में आसानी से समझ सकेंगे।

प्लेटफॉर्म और ट्रेन की हर जरूरी सूचना मिलेगी

इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए केवल नियमित ट्रेन घोषणाएं ही नहीं, बल्कि विशेष परिस्थितियों में रेलवे की ओर से जारी किए जाने वाले लिखित संदेश भी सांकेतिक भाषा में दिखाए जाएंगे। इससे ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय, प्लेटफॉर्म में बदलाव और अन्य जरूरी सूचनाओं को समझना आसान होगा। यात्रियों को अब केवल ऑडियो अनाउंसमेंट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी करेगी काम

इस नई सूचना प्रणाली की एक खासियत यह भी है कि इसके संचालन के लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी की जरूरत नहीं होगी। यह बिजली आपूर्ति और बैकअप व्यवस्था के जरिए संचालित होगी। ऐसे में इंटरनेट कनेक्शन में परेशानी आने पर भी यात्रियों को जरूरी जानकारियां मिलती रहेंगी।

दिव्यांग यात्रियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

रांची रेलमंडल के सीनियर डीसीएम विनोद कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सुनने में अक्षम यात्रियों को स्वतंत्र रूप से यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें ट्रेन और प्लेटफॉर्म से जुड़ी सूचनाएं जानने के लिए दूसरे लोगों की मदद लेने की जरूरत कम होगी। रेलवे की इस पहल से रांची स्टेशन पर यात्रियों को सूचना प्राप्त करने का एक नया और आसान माध्यम मिलेगा। खासकर सुनने में अक्षम यात्रियों के लिए यह सुविधा यात्रा को अधिक सहज बनाएगी। इससे रांची रेलवे स्टेशन को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने में भी मदद मिलेगी।

Share This Article